गंगा का बढ़ता जलस्तर बना चुनौती, ब्रजघाट पर हाई अलर्ट; DM कविता मीना और SP कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने संभाली कमान

Hapur News: सावन माह की कांवड़ यात्रा के बीच गढ़मुक्तेश्वर स्थित ब्रजघाट पर गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। बढ़ते जलस्तर और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने ब्रजघाट पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, जल पुलिस की तैनाती, प्रशिक्षित गोताखोरों, मोटर बोट, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं तथा कंट्रोल प्वाइंट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

डेंजर जोन में प्रवेश पर रोक

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तेज बहाव और अधिक गहराई वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां बैरिकेडिंग कराई गई है। प्रशासन ने ऐसे स्थानों पर श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगाते हुए सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

श्रद्धालुओं से किया संवाद

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कविता मीना ने ब्रजघाट पहुंचे श्रद्धालुओं और कांवड़ियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की।

जल पुलिस और राहत टीमें अलर्ट

ब्रजघाट पर जल पुलिस, पीएसी की फ्लड यूनिट, प्रशिक्षित गोताखोरों और मोटर बोट की तैनाती की गई है। घाटों पर लगे लाउडस्पीकरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार सुरक्षा संबंधी निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं।

DM और SP ने दिए निर्देश

जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि गंगा के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल, जल पुलिस और गोताखोरों की तैनाती की गई है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी टीमें पूरी तरह तैयार हैं।

24 घंटे रहेगी निगरानी

प्रशासन ने बताया कि गंगा के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा और राहत-बचाव के इंतजाम भी किए जाएंगे, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Slug:

Please follow and like us: