गंगा एक्सप्रेसवे पर थार पलटी, चार युवकों की मौत; एक घायल

सिंभावली। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। सभी युवक बदायूं से दिल्ली जा रहे थे। सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सीएचसी सिखेड़ा भेजा।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11:56 बजे डायल-112 पर गंगा एक्सप्रेसवे पर थार के पलटने की सूचना मिली थी। थार का नंबर DL 8C BL 9822 बताया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

चार युवकों की मौत

हादसे में जोगिंदर (26) पुत्र झाझन सिंह निवासी पालपुर, थाना बिल्सी, बदायूं, सुखबीर (25) पुत्र होतीलाल और जसवंत (20) पुत्र होतीलाल, दोनों निवासी मेवली, थाना उघैती, बदायूं तथा रवि (20) पुत्र करण सिंह निवासी पुरदलपुर, थाना इस्लामनगर, बदायूं की मौत हो गई।

चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

17 वर्षीय युवक घायल

हादसे में विष्णु (17) पुत्र गिरिराज निवासी पालपुर, थाना बिल्सी घायल हुआ है। पुलिस के अनुसार उसे हल्की चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

एक्सप्रेसवे से हटाया दुर्घटनाग्रस्त वाहन

हादसे के बाद गंगा एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को एक्सप्रेसवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।