
कार सवार पर साथियों को बुलाकर मारपीट करने का आरोप, दो युवक घायल; पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
बहादुरगढ़। गांव सदरपुर स्थित सीएनजी पंप पर वाहन की टक्कर के बाद विवाद बढ़ने पर एक युवक और उसके साथी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। सिकंदरपुर निवासी रोहित ने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर देकर कार सवार और उसके साथियों पर मारपीट करने, कार के शीशे तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
रोहित के अनुसार, वह सीएनजी भराने के लिए पंप पर खड़ा था। इसी दौरान एक कार सवार ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बारे में पूछने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।
पीड़ित का आरोप है कि चांदनेर निवासी विकास और भूरे बाइक से मौके पर पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद अन्य साथी भी कार से वहां पहुंचे और उन्होंने रोहित तथा उसके दोस्त मोहित की पिटाई कर दी।
रोहित ने बताया कि मारपीट में उसके सिर, पेट और हाथ में चोट लगी तथा खून निकल आया। वहीं, उसके साथी मोहित के दाहिने हाथ में चोट लगने की बात कही गई है। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार के शीशे भी तोड़ दिए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।