
मेरठ। – प्रधानमंत्री के “सहकार से समृद्धि“ की परिकल्पना के अनुरूप सहकारिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा मेगा इवेन्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मा० सहकारिता मन्त्री उ०प्र० सरकार जे०पी०एस० राठौर जी के उदबोधन कार्यक्रम को जिला सहकारी बैंक मेरठ के सभागार में प्रसारित किया गया। केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह जी द्वारा 10000 नव गठित बी-पैक्स, डेयरी व मत्स्य सहकारी समितियो का शुभारंभ किया गया। इस पहल की सफलता सुनिश्चित करने के लिये 19 सितम्बर 2024 को माननीय गृह और सहकारिता मंत्री द्वारा एक मार्गदर्शिका लांच की गयी थी। मार्गदर्शिका के शुभारम्भ के बाद इस अल्प समय में 10000 से अधिक नई एम-पैक्स, डेयरी और मत्स्य सहकारी समितियों का गठन हो चुका है। इन नई सहकारी समितियों का गठन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ाने के सरकार के प्रयास में एक प्रमुख मील का पत्थर है। उक्त कार्यकम के समानान्तर जनपद मेरठ में भी जिला सहकारी बैंक लि० मेरठ के सभागार में कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विमल शर्मा अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक लि० मेरठ द्वारा की गयी। मुख्य अतिथि यशवीर सिंह, सभापति उ०प्र० राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लि० लखनऊ रहे। कार्यक्रम में संजीव कुमार राय संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबन्धक सहकारिता मेरठ मण्डल मेरठ, श्रीमती श्रद्धा अनंग सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता मेरठ, जिला सहकारी बैंक लि० मेरठ के सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी व अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। क्षेत्र प्रबन्धक इफको व कृभको मेरठ द्वारा कृषकों के हित में उर्वरक के सन्तुलित प्रयोग आदि विषय पर प्रभावी जानकारी दी गयी। कृषकों को बताया गया कि सहकारिता क्षेत्र से जुड़कर किस प्रकार आर्थिक विकास हो सकता है व सी०एस०सी० तथा जनऔषधि जैसी सुविधाएँ भी अब समितियों पर आमजन हेतु उपलब्ध है। कार्यक्रम में जनपद के सहकारिता विभाग/मत्स्य विभाग/दुग्ध विभाग द्वारा नवगठित पैक्स के निबन्धन प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। कृषकों को के०सी०सी० का वितरण किया गया।