हापुड़। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 2 नवंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस सेवा दल की ओर से आयोजित महा रैली में हापुड़ जिले के प्रतिनिधिमंडल ने उत्साह और अनुशासन के साथ भागीदारी की। रैली में जिले से पहुंचे दर्जनों कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी सक्रियता और एकजुटता का परिचय दिया।
हापुड़ प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पश्चिम जोन अध्यक्ष अनिल देव त्यागी एवं पश्चिमी जोन प्रभारी अरविंद पाल ने किया। इस दौरान कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष तृषभ राणा और प्रदेश महासचिव निसार पठान खान भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल में शहर अध्यक्ष संदीप कुमार, कोषाध्यक्ष शहजाद मेवाती, ज्ञानेश कुमार, दीपक कुमार, राजेंद्र कुमार, रजत और फरदीन सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सफेद टोपी और सफेद कुर्ते में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अनुशासित ढंग से रैली में भागीदारी की।
इस मौके पर पश्चिम जोन अध्यक्ष अनिल देव त्यागी ने कहा कि यह महा रैली लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा है।
पश्चिमी जोन प्रभारी अरविंद पाल ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उनके अनुसार, दिल्ली में आयोजित रैली ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा किया है।
प्रदेश अध्यक्ष तृषभ राणा और प्रदेश महासचिव निसार पठान खान ने हापुड़ की टीम की सक्रियता की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले के कार्यकर्ताओं की भागीदारी संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
रैली में हापुड़ प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी को लेकर स्थानीय कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। संगठन पदाधिकारियों ने इसे आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।
