हापुड़। भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज वाल्मीकि को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का सदस्य बनाए जाने के बाद भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है। सोमवार को दिल्ली स्थित कार्यालय पहुंचकर मनोज वाल्मीकि ने आयोग के सदस्य के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे।
मनोज वाल्मीकि के राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग का सदस्य बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद सोमवार सुबह उनके समर्थकों और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उनका स्वागत किया। मॉर्निंग ग्रुप के सदस्यों ने उन्हें पटका पहनाकर बधाई दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मेरठ रोड स्थित आवास विकास संजय विहार कॉलोनी निवासी मनोज वाल्मीकि पिछले करीब 36 वर्षों से भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने लंबे समय से जनता के बीच रहकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। वर्ष 1995 में वह भाजपा के सभासद भी चुने गए थे। इसके अलावा वर्ष 2019 में उन्होंने उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
मनोज वाल्मीकि ने भाजपा संगठन में जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां संभाली हैं। पार्टी संगठन के साथ लंबे समय से सक्रिय रहने और सफाई कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर कार्य करने के अनुभव को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
पदभार ग्रहण करने के बाद मनोज वाल्मीकि ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसका पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि आयोग के माध्यम से सफाई कर्मचारियों से जुड़े विषयों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।
मनोज वाल्मीकि को नई जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से लगातार बधाई दी जा रही है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल, जिला पंचायत चेयरमैन रेखा नागर, प्रमोद नागर, विधायक विजयपाल आढ़ती, जिलाध्यक्ष कविता माधरे, मुनेश त्यागी, महेश अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश राणा, नरेश तोमर, जिला महामंत्री श्यामेंद्र त्यागी, पुनीत गोयल, कपिल एसएम, राजीव सिरोही, पूर्व महामंत्री प्रमोद जिंदल, पूर्व पालिका चेयरमैन मालती भारती, मुंशी लाल जयंत, पूर्व विधायक जय प्रकाश, बिजेंद्र कुमार, मान सिंह गोस्वामी, हरिओम शर्मा समेत अनेक लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

दिल्ली सरकार में सफाई कर्मचारी आयोग की अध्यक्ष सुनीता कांगड़ा और सदस्य सुशांत सागर उर्फ गोल्डी सहित अन्य लोगों ने भी मनोज वाल्मीकि को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। पदभार ग्रहण के दौरान आयोग के उपाध्यक्ष हर्षदीप गिल और सांसद अनूप वाल्मीकि ने भी उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
