महकार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, शाहपुर चौकी प्रभारी राजन सस्पेंड; पुलिस पर लापरवाही का आरोप

महकार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, शाहपुर चौकी प्रभारी राजन सस्पेंड; पुलिस पर लापरवाही का आरोप
महकार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, शाहपुर चौकी प्रभारी राजन सस्पेंड; पुलिस पर लापरवाही का आरोप

गढ़मुक्तेश्वर। शाहपुर गांव में हुए चर्चित महकार हत्याकांड में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही और समय पर सख्त कदम नहीं उठाने के आरोपी शाहपुर चौकी प्रभारी राजन को एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों की ओर से भेजी गई जांच रिपोर्ट के आधार पर रविवार दोपहर यह कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी के निलंबन के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

पथराव के बाद बढ़ा विवाद

मामले की शुरुआत शुक्रवार रात हुई थी। शाहपुर गांव निवासी गीता के मकान पर कुछ दबंगों ने धावा बोलकर जमकर पथराव किया था। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज तो कर लिया, लेकिन आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पुलिस में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष के हौसले और बढ़ गए। आरोप है कि प्रतिशोध की भावना से शनिवार को हमलावरों ने गीता के भाई महकार को निशाना बनाया।

फार्म हाउस पर पहुंचकर किया जानलेवा हमला

बताया गया कि हमलावर महकार के फार्म हाउस पर पहुंचे और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महकार की मौत हो गई। हत्या की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ भी आक्रोश देखने को मिला। परिवार का आरोप था कि शुक्रवार रात की घटना के बाद पुलिस ने यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होती तो महकार की जान बचाई जा सकती थी।

जांच रिपोर्ट के बाद चौकी प्रभारी पर कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने स्थानीय अधिकारियों से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की। रिपोर्ट में शाहपुर चौकी प्रभारी राजन की शिथिलता सामने आने के बाद एसपी ने रविवार को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश

महकार की हत्या के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं हत्या में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब पूरे मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।