हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित मोहल्ला चमरी में शनिवार रात शराब पीने के बाद दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट और पथराव हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया। पथराव के कारण मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और कई लोग अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए। घटना में दोनों पक्षों के दो लोग घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने आठ नामजद और 16 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो संप्रदायों से मामला जुड़ा होने के चलते मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गश्त के दौरान पुलिस को मिली विवाद की सूचना
एसएसवी चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह पुलिस टीम के साथ मोहल्ला चमरी में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें दोनों पक्षों के लोगों के बीच विवाद होता दिखाई दिया।
पुलिस के अनुसार, एक पक्ष के विशाल शर्मा, संजय, राहुल त्यागी और रोहित त्यागी समेत छह अज्ञात लोग तथा दूसरे पक्ष के शाहरुख, फिरोज, मुनीष और रोहिल समेत 10 अज्ञात लोग शराब पीने के बाद कहासुनी कर रहे थे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे से मारपीट करने लगे।
पथराव से मची अफरातफरी
मारपीट के साथ दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर पथराव भी किया गया। अचानक हुए इस हंगामे से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।
मारपीट और पथराव में दोनों पक्षों के विशाल शर्मा और शाहरुख घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद मोहल्ले में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। आशंका जताई गई कि दोनों पक्षों के लोग दुर्भावना के चलते दोबारा आमने-सामने आकर विवाद कर सकते हैं। इसी को देखते हुए एहतियात के तौर पर मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।
आठ आरोपी गिरफ्तार, अज्ञात की तलाश जारी
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि उपनिरीक्षक सौरभ सिंह की तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के आठ नामजद और 16 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुलिस ने विशाल शर्मा, संजय, राहुल त्यागी, रोहित त्यागी, शाहरुख, फिरोज, मुनीष और रोहिल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
