अलीगढ़ के ताले अब GeM पर लगाएंगे सरकारी दफ्तरों के शटर, ODOP कारीगरों को मिलेगा बड़ा बाजार

2 सितंबर को होगी वर्चुअल कार्यशाला, लॉक-हार्डवेयर और मेटल हैंडीक्राफ्ट से जुड़े उद्यमियों को GeM पर कारोबार की मिलेगी ट्रेनिं

अलीगढ़ की पहचान बन चुके मजबूत ताले और मेटल हैंडीक्राफ्ट अब देशभर के सरकारी विभागों तक पहुंच बनाने की तैयारी में हैं। जिला प्रशासन और उद्योग विभाग ने एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) से जुड़े उत्पादों को Government e-Marketplace (GeM) के ‘जेम बाजार’ से जोड़ने की पहल शुरू की है। इससे अलीगढ़ के उद्यमी और कारीगर अपने उत्पादों को देशभर में सरकारी खरीद के लिए ऑनलाइन उपलब्ध करा सकेंगे।

इस पहल के तहत 2 सितंबर को विशेष वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें अलीगढ़ के प्रमुख ODOP उत्पाद लॉक एवं हार्डवेयर और मेटल हैंडीक्राफ्ट से जुड़े उद्यमियों, निर्माताओं और विक्रेताओं को GeM पोर्टल पर कारोबार की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

GeM पर रजिस्ट्रेशन से लेकर ऑर्डर तक मिलेगी जानकारी

उपायुक्त उद्योग एसपी यादव ने बताया कि कार्यशाला में विशेषज्ञ उद्यमियों को GeM पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया समझाएंगे। इसके साथ ही उत्पादों की फोटो, कीमत और गुणवत्ता की जानकारी के साथ प्रभावी लिस्टिंग तैयार करने तथा सरकारी ऑर्डर मिलने के बाद सप्लाई की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को सरकारी खरीद के बड़े बाजार तक पहुंचाना है। इससे छोटे उद्यमियों और कारीगरों को सरकारी खरीद प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

बिचौलियों के बिना सरकारी विभाग बनेंगे ग्राहक

उपायुक्त उद्योग के अनुसार, छोटे कारीगरों के सामने अब तक सरकारी टेंडर और खरीद प्रक्रिया की जटिलता के कारण बड़े बाजार तक पहुंच बनाने में परेशानी आती थी। GeM के माध्यम से उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म मिलेगा, जहां सरकारी विभाग सीधे उनके उत्पाद खरीद सकेंगे।

कारीगरों और युवाओं को रोजगार की उम्मीद

प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से अलीगढ़ के ताले और मेटल उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। उत्पादों की मांग बढ़ने पर स्थानीय कारखानों में काम बढ़ सकता है और इससे कारीगरों तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

उपायुक्त उद्योग ने जिले के सभी ODOP उद्यमियों और कारीगरों से 2 सितंबर की वर्चुअल कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कार्यशाला का लिंक और अन्य जानकारी के लिए जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, अलीगढ़ से संपर्क किया जा सकता है।