प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आया बाइक सवार, चेहरे पर आई चोट

पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांधी रोड स्थित एलिवेटेड पुल पर सोमवार को प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार घायल हो गया। अचानक मांझा चेहरे से टकराने के कारण उसके चेहरे के बाएं हिस्से, कान, गाल और होंठ पर कट लग गया।

मोहननगर कॉलोनी निवासी सुशील प्रजापति, जो यूनिक कंप्यूटर सॉल्यूशन से जुड़े हैं, बाइक से बाजार की ओर जा रहे थे। गांधी रोड स्थित एलिवेटेड पुल पर पहुंचते ही अचानक प्रतिबंधित मांझा उनके चेहरे से टकरा गया। इससे वह घायल हो गए।

हादसे के बाद सुशील ने बाइक रोककर आसपास के लोगों की मदद ली और उपचार कराया। घटना के बाद लोगों ने प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि सड़क पर इस तरह का मांझा राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।