तीन करोड़ के ओवरटाइम भुगतान का आरोप, कर्मचारियों ने श्रम विभाग से लगाई गुहार

सिंभावली। सिंभावली चीनी मिल में वर्ष 2021 से 2024 तक काम करने वाले कर्मचारियों के ओवरटाइम भुगतान को लेकर मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने मिल प्रबंधन पर करीब तीन करोड़ रुपये की ओवरटाइम राशि रोकने का आरोप लगाते हुए सहायक श्रम आयुक्त और जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया है।

गांव बक्सर निवासी मोहम्मद ताहिर ने शिकायत में आरोप लगाया कि चीनी मिल में कार्यरत कर्मचारियों ने अधिकारियों के निर्देश पर निर्धारित समय से अतिरिक्त काम किया था। वर्ष 2021 से 2024 तक किए गए ओवरटाइम का भुगतान लगातार मांग के बावजूद अब तक नहीं किया गया। कर्मचारियों के अनुसार, बकाया राशि करीब तीन करोड़ रुपये है।

भुगतान नहीं होने से आर्थिक परेशानी का दावा

शिकायतकर्ता के अनुसार, लंबे समय से ओवरटाइम का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों और ठेके पर कार्यरत श्रमिकों में असंतोष बढ़ रहा है। आर्थिक स्थिति प्रभावित होने के कारण कर्मचारियों को परिवार का पालन-पोषण करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि आर्थिक तंगी के कारण दुकानदारों ने उधार पर सामान देना बंद कर दिया है और बच्चों की स्कूल फीस जमा करने में भी परेशानी हो रही है।

रिकॉर्ड मंगाकर जांच कराने की मांग

कर्मचारियों ने सहायक श्रम आयुक्त से वर्ष 2021 से 2024 तक के ओवरटाइम का रिकॉर्ड मिल प्रबंधन से मंगाकर जांच कराने और पात्र कर्मचारियों की बकाया राशि का भुगतान कराने की मांग की है। उन्होंने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर समस्या और बढ़ने की आशंका जताई है।

एसडीएम श्रीराम यादव ने बताया कि मामले में मिल प्रबंधन से वार्ता कर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उच्चाधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया जाएगा।