रास्ते में मिट्टी डालने को लेकर पिटाई का आरोप

गांव हरौड़ा निवासी एक व्यक्ति ने पड़ोस के दो युवकों पर रास्ते में मिट्टी डलवाने को लेकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित अतुल ने बताया कि उन्होंने गांव के प्रधान से रास्ते को इंटरलॉकिंग से बनवाने की बात कही थी। प्रधान की सहमति के बाद रास्ते में इंटरलॉकिंग के लिए मिट्टी डलवाने का काम कराया जा रहा था।

आरोप है कि 21 अगस्त की शाम करीब छह बजे मिट्टी डलवाने को लेकर दो लोगों ने अतुल के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने गाली देने से मना किया तो दोनों ने लात-घूंसों से उनकी पिटाई कर दी।

अतुल का कहना है कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। घटना के बाद उन्होंने सिंभावली थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

सीओ राहुल यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।