50 बड़े बकायेदारों को भेजे नोटिस, 10 लाख रुपये बकाया

नगर पालिका ने संपत्ति कर के 50 हजार रुपये से अधिक बकाया वाले 50 बड़े बकायेदारों को नोटिस भेजे हैं। इन बकायेदारों पर करीब 10 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया है। पालिका ने बकाया कर की वसूली के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।

कर निर्धारण अधिकारी ऋचा श्रीवास्तव ने बताया कि बकायेदारों को भेजे गए नोटिस के साथ एकमुश्त समाधान योजना की जानकारी और आवेदन पत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके माध्यम से बकायेदारों को योजना का लाभ लेते हुए अपना बकाया कर जमा करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में 25 हजार रुपये तक के संपत्ति कर बकायेदारों को नोटिस भेजे जाएंगे। पालिका की ओर से बकायेदारों को बकाया राशि जमा करने के साथ एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने की जानकारी दी जा रही है।

नोटिस प्राप्त करने के बाद संबंधित बकायेदार योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। पालिका ने सभी करदाताओं से समय पर संपत्ति कर जमा करने की अपील की है, ताकि बकाया बढ़ने से बचा जा सके।