
सपा नेताओं के साथ कथित मारपीट के मामले में मेरठ पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सिविल लाइंस थाने से जुड़े आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। इनमें थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़ भी शामिल हैं। मामले की जांच सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह कर रहे हैं।
जांच प्रभावित न हो, इसलिए की गई कार्रवाई
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने संबंधी खबरों को गंभीरता से लिया गया। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन भानु भास्कर के आदेश पर मामले की जांच कराई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए संबंधित पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़, उपनिरीक्षक मुलायम सिंह, हेड कांस्टेबल हरि ओम, कांस्टेबल मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल श्याम बाबू, कांस्टेबल सुमित कुमार, महिला कांस्टेबल नीलम लौर और चालक ललित कुमार शामिल हैं।
सपा नेताओं ने लगाए थे मारपीट के आरोप
मेरठ में ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध में हुए प्रदर्शन के सिलसिले में सपा नेता डॉ. दिग्विजय सिंह भाटी और मोहित जाटव ने आरोप लगाया था कि 19 अगस्त को तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय से मुलाकात के दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
दिग्विजय सिंह भाटी का आरोप था कि एसएसपी के कमरे में कथित पिटाई के बाद उन्हें सिविल लाइंस थाना प्रभारी के माध्यम से एसओजी कार्यालय ले जाया गया, जहां उनके हाथ-पैर बांधकर डंडों से पीटा गया।
भाटी ने पुलिसकर्मियों पर अमानवीय व्यवहार और धमकी देने के आरोप भी लगाए थे। वहीं, मोहित जाटव ने पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर एनकाउंटर की धमकी देने का आरोप लगाया था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

सपा विधायक ने की थी मुकदमा दर्ज करने की मांग
सपा विधायक अतुल प्रधान ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि पुलिस कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है।
सिविल लाइंस के नए प्रभारी बने अरुण भाटी
इसी बीच एसएसपी मेरठ के आदेश पर प्रशासनिक समायोजन किया गया है। अखिलेश कुमार गौड़ को पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं, उपनिरीक्षक अरुण भाटी को सिविल लाइंस थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा उपनिरीक्षक सुदीश सिंह सिरोही को पुलिस लाइन से एसएसपी का पीआरओ नियुक्त किया गया है।
डीआईजी की जांच के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
मामले की जांच सहारनपुर रेंज के डीआईजी अभिषेक सिंह द्वारा की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
उधर, एसएसपी पद से हटाए जाने के बाद अविनाश पांडेय ने शनिवार को पुलिस के मीडिया ग्रुप में पत्रकारों का आभार जताया। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण बताते हुए पत्रकारों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।