20 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर की मांग, विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप

नगर क्षेत्र के मोहल्ला गद्दापाड़ा निवासी विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि निकाह के कुछ माह बाद ही उससे मायके से 20 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर कार लाने का दबाव बनाया जाने लगा। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकालने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निकाह के कुछ माह बाद शुरू हुई दहेज की मांग

मोहल्ला गद्दापाड़ा निवासी फराह ने नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह 17 दिसंबर 2018 को मेरठ के पिलोखेड़ी निवासी फैसल पुत्र हारुन के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। पीड़िता के मुताबिक, निकाह में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य से अधिक करीब 30 लाख रुपये खर्च किए थे।

आरोप है कि निकाह के करीब चार-पांच माह बाद पति फैसल, सास नूरजहां, ससुर हारुन और देवर जुनैद ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोपितों ने मायके से 20 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर कार लाने का दबाव बनाया। मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर से निकालने की धमकी दी जाने लगी।

समझाने के बाद भी उत्पीड़न जारी रखने का आरोप

विवाहिता के अनुसार, उसने मामले की जानकारी अपने पिता और अन्य स्वजन को दी। इसके बाद स्वजन मेरठ पहुंचकर ससुराल पक्ष के लोगों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि स्वजन के सामने ससुरालियों ने विवाहिता को ठीक से रखने का आश्वासन दिया, लेकिन उनके जाने के बाद फिर से मारपीट और दहेज की मांग शुरू कर दी।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में उसे एक बेटी हुई, जो जन्म से ही बीमार थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बच्ची के उपचार में भी सहयोग नहीं किया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

विवाहिता का कहना है कि लगातार प्रताड़ना के कारण वह परेशान है और उसे ससुराल पक्ष के लोगों से गंभीर घटना का खतरा है। उसने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।