तहसील दिवस से पहले डीएम ने गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई, बांटी पोषण किट; 87 शिकायतों में 15 का मौके पर निस्तारण

जनपद की तीनों तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। गढ़मुक्तेश्वर तहसील में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

डीएम ने पांच गर्भवती महिलाओं की कराई गोद भराई

तहसील दिवस के आयोजन से पूर्व जिलाधिकारी कविता मीना ने गढ़मुक्तेश्वर तहसील परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म विधि-विधान से संपन्न कराई।

गर्भवती महिलाओं को फल, सूखे मेवे, हरी सब्जियां और पोषण किट वितरित की गईं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने महिलाओं को संतुलित आहार और प्रसव पूर्व देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।

गढ़मुक्तेश्वर में 28 शिकायतें, छह का मौके पर निस्तारण

गढ़मुक्तेश्वर तहसील में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।

समाधान दिवस में खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण और दाखिल-खारिज से संबंधित शिकायतें पहुंचीं। इसके अलावा भूमि विवाद, मारपीट, शांति भंग, साइबर फ्रॉड, पेंशन, आवास, शौचालय, सड़क, विद्युत और पेयजल से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखी गईं।

डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अंकन कराया जाए और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भूमि विवादों को राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को उसके प्रार्थना पत्र के निस्तारण की जानकारी फोन के माध्यम से भी दी जाए।

एसपी बोलीं- कानून व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की सुनवाई थाना स्तर पर ही प्रभावी तरीके से हो, इसके लिए सभी थानेदारों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

हापुड़ तहसील में 35 शिकायतें, छह का निस्तारण

हापुड़ तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने की। यहां कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

धौलाना तहसील में 25 शिकायतें, तीन का समाधान

धौलाना तहसील में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 25 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन शिकायतों का संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण किया।

अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर

संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन ने शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता के साथ-साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।