निकाह के एक महीने बाद विवाहिता पर जुल्म का आरोप, गला दबाकर हत्या की कोशिश; पति समेत चार पर केस

कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चमरी में निकाह के बाद ससुराल पहुंची गाजियाबाद निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट, जान से मारने की कोशिश और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि उसका जेठ शराब के नशे में उसके साथ बदसलूकी करता है और शिकायत करने पर ससुराल के लोग उसी के साथ अभद्रता एवं मारपीट करते हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद सदर कोतवाली पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निकाह के एक महीने बाद शुरू हुआ उत्पीड़न

गाजियाबाद निवासी महिला का निकाह 5 नवंबर 2025 को मोहल्ला चमरी निवासी युवक के साथ हुआ था। महिला के मुताबिक, मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार शादी में दान-दहेज दिया था। आरोप है कि निकाह के करीब एक महीने बाद ही पति, सास, ससुर और जेठ ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

गला दबाकर हत्या करने की कोशिश का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि 2 जुलाई 2026 को पति, सास, ससुर और जेठ ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। महिला का यह भी आरोप है कि उसका जेठ शराब के नशे में आए दिन उसके साथ बदसलूकी करता है।

शिकायत करने पर पीड़िता के साथ ही मारपीट का आरोप

महिला के अनुसार, जब उसने जेठ के व्यवहार की शिकायत ससुराल पक्ष के लोगों से की तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उसके साथ ही मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि उसे आए दिन अवैध पिस्टल दिखाकर धमकाया जाता था। परिवार बचाए रखने की खातिर वह काफी समय तक कथित उत्पीड़न सहती रही।

मायके पक्ष को जानकारी देने पर बढ़ा विवाद

पीड़िता ने जब अपने मायके पक्ष के लोगों को मामले की जानकारी दी तो उसकी मां की तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने उन्हें पिलखुवा स्थित एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने अस्पताल पहुंचकर भी महिला और उसके मायके पक्ष के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया।

पुलिस अधीक्षक से की शिकायत

पीड़िता का आरोप है कि मामले की शिकायत पिलखुवा थाने में भी की गई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग पुलिस अधिकारियों से सांठगांठ होने की बात कहकर मायके पक्ष को धमकाते रहे। इसके बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।

एसपी के आदेश पर चार के खिलाफ मुकदमा

एसएचओ सदर मनीष चौहान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपी पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।