धर्मशाला में बैठे युवक पर दो युवकों ने किया हमला, मारपीट में घायल; मुकदमा दर्ज

थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव छपकौली में धर्मशाला में बैठे युवक पर दो युवकों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। किसी तरह मौके से निकलकर युवक ने अपनी जान बचाई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

धर्मशाला में बैठे युवक से की गाली-गलौज

गांव छपकौली निवासी विपिन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त की रात करीब दस बजे वह गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास लालपुर गांव वालों की धर्मशाला में बैठा हुआ था।

आरोप है कि इसी दौरान देहात थाना क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी अंकित और सीतादेई निवासी गुरमुख वहां पहुंचे। दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

विरोध करने पर लात-घूंसों से पीटा

विपिन के मुताबिक, दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। जब उसने गाली-गलौज का विरोध किया तो दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में वह घायल हो गया।

किसी तरह वहां से निकलकर उसने अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी परिजनों को दी।

दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अंकित और गुरमुख के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।