गैराज से चोरी करते चोर दबोचा, वायरिंग, इंटरकूलर और रेडिएटर बरामद

थाना देहात क्षेत्र में गैराज से चोरी कर भाग रहे एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से गैराज से चोरी की गई वायरिंग, इंटरकूलर और रेडिएटर बरामद हुए हैं। लोगों ने आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गैराज से चोरी कर निकल रहा था आरोपी

साकेत कॉलोनी निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी गढ़ रोड पर स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। दुकान के पास ही भीमनगर निवासी जयभगवान का गैराज स्थित है।

रामकुमार के मुताबिक, 15 अगस्त की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक व्यक्ति जयभगवान के गैराज से सामान चोरी कर बाहर निकल रहा था। शक होने पर उन्होंने आसपास मौजूद अशोक कुमार, सरजीत, सोनू और अंशुल की मदद से आरोपी को पकड़ लिया।

चोरी का सामान आरोपी के पास से बरामद

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम कोटला सादात निवासी साजिद बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से गैराज से चोरी की गई वायरिंग, इंटरकूलर और रेडिएटर बरामद हुए।

इसके बाद स्थानीय लोग आरोपी को लेकर थाना देहात पहुंचे और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी साजिद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।