
थाना हाफिजपुर क्षेत्र में एनएच-334 स्थित मोड़ी पुल पर तेज रफ्तार राजस्थान रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया।
अलीगढ़ से मेरठ लौट रहा था अहसान
मेरठ के थाना नौचंदी क्षेत्र के मोहल्ला करीमनगर निवासी बाबू खां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके दामाद अहसान निवासी जाकिर हुसैन कॉलोनी, मेरठ शहर, हाल निवासी फतेहउल्लापुर, मेरठ, 10 अगस्त की शाम बाइक से अलीगढ़ से अपने घर लौट रहे थे।
शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह एनएच-334 स्थित कुराना टोल के पास मोड़ी पुल पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार राजस्थान रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मौके पर ही हुई मौत
बस की टक्कर लगने से अहसान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि मृतक के ससुर बाबू खां की तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।