
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में पेट्रोलियम रिटेल उद्योग के लिए विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘मेरा पम्प ऐप’ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पेट्रोल पम्प डीलरों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों ने भाग लिया।
डिजिटल प्रबंधन को मिलेगा बढ़ावा
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत तेजी से डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है और ऐसे नवाचार उद्यमियों को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘मेरा पम्प ऐप’ पेट्रोल पम्प डीलरों के लिए उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म साबित होगा और व्यवसाय संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद करेगा।
डीलरों को मिलेंगी कई डिजिटल सुविधाएं
ऐप के संस्थापक एवं पेट्रोलियम क्षेत्र के वरिष्ठ विधिक सलाहकार संजय सचदेवा ने बताया कि ऐप के माध्यम से पेट्रोल पम्प संचालक बिक्री, स्टॉक, टैंक डिप, मीटर रीडिंग, स्टॉक वेरिएशन, नकदी प्रबंधन, लाभ-हानि विश्लेषण, दैनिक रिपोर्ट, लाइसेंस की समय-सीमा और अनुपालन संबंधी जानकारियों पर डिजिटल रूप से नजर रख सकेंगे।
स्टार्टअप और नवाचार की सराहना
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर विकसित ऐसे डिजिटल समाधान भारत की नवाचार क्षमता को दर्शाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह ऐप पेट्रोलियम रिटेल उद्योग में आधुनिक प्रबंधन प्रणाली को नई दिशा देगा।
उद्योग जगत के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. कीर्तिका अग्रवाल, कमलेश कुमार, प्रयागराज एवं कौशाम्बी पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजन सिंह, महासचिव संजय तिवारी, संरक्षक जी.के. अग्रवाल सहित विभिन्न जनपदों से आए पेट्रोलियम डीलर्स और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।