15 साल की बेटी को ‘बेचकर शादी’ कराने का आरोप! मां की शिकायत से हापुड़ में सनसनी, डीएम-एसपी से लगाई न्याय की गुहार

Hapur news :-हापुड़ जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। एक मां ने अपनी ही नाबालिग बेटी को कथित रूप से पैसों के लेनदेन के जरिए बेचने, जबरन शादी कराने और उसके साथ गंभीर अपराध किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।महिला ने डीएम हापुड़ को दिए शिकायती पत्र में दावा किया है कि उसकी करीब 15 वर्षीय बेटी को उसकी और बच्ची की सहमति के बिना कुछ लोग अपने साथ ले गए और बाद में उसका जबरन विवाह करा दिया। महिला ने इस पूरे घटनाक्रम में अवैध धन-लेनदेन की आशंका भी जताई है और मामले की गहन जांच कराने की मांग की है।


पति की मौत के बाद बदली जिंदगी, अब बेटी को लेकर बड़ा आरोप
शिकायतकर्ता महिला के अनुसार वर्ष 2018 में उसके पहले पति की मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद उसे लगातार पारिवारिक प्रताड़ना और विवादों का सामना करना पड़ा। बाद में उसने दूसरा विवाह कर लिया। महिला का कहना है कि उसके तीन बच्चों में से दो बच्चे रिश्तेदारों के पास रहने लगे, जबकि एक बच्चा उसके साथ रहा।महिला का आरोप है कि इसी पारिवारिक परिस्थितियों का फायदा उठाकर उसकी नाबालिग बेटी को निशाना बनाया गया और उसे कथित रूप से एक साजिश के तहत घर से दूर ले जाया गया।


12 जुलाई को हुई घटना, कई लोगों पर लगाए आरोप
शिकायती पत्र में उल्लेख किया गया है कि 12 जुलाई 2026 को उसकी नाबालिग बेटी को कुछ लोगों द्वारा बुलंदशहर जनपद के एक गांव में ले जाया गया।महिला का आरोप है कि वहां उसकी इच्छा और परिवार की सहमति के बिना विवाह कराया गया।
इतना ही नहीं, महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि पूरी घटना के पीछे आर्थिक लेन-देन हुआ और उसकी बेटी को कथित रूप से पैसों के बदले सौंपा गया।हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।


बेटी ने बताए चौंकाने वाले तथ्य
मां का दावा है कि बेटी ने उससे संपर्क होने पर बताया कि उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध गलत व्यवहार किया गया।शिकायत में कई व्यक्तियों के नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिला ने प्रशासन से मांग की है कि नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया जाए और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएं ताकि सच्चाई सामने आ सके।


डीएम और एसपी से की छह बड़ी मांगें
महिला ने प्रशासन के सामने छह प्रमुख मांगें रखी हैं,तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।नाबालिग को सुरक्षित संरक्षण दिया जाए।मेडिकल परीक्षण कराया जाए।मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराया जाए।कथित जबरन विवाह और धन-लेनदेन की जांच कराई जाए।दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा दी जाए।


पुलिस प्रशासन हरकत में, जांच शुरू
मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकायत का संज्ञान लिया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर तथ्यों की पड़ताल में जुटी है।


क्या बोले एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह?
हापुड़ पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं। नाबालिग से जुड़े मामलों में कानून के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाती है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
1

Please follow and like us: