मोहित शर्मा मौत मामला: एसपी ने निष्पक्ष जांच, आर्थिक सहायता और पत्नी को नौकरी दिलाने का दिया आश्वासन

हापुड़। नोएडा से घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मोहित शर्मा की मौत के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। सोमवार को पीड़ित परिवार और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तथा परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेंद्र भारद्वाज, ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. नानकचंद शर्मा और यादव महासभा के जिलाध्यक्ष अम्बरीश यादव ने किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के समक्ष पूरे मामले में हुई कथित लापरवाही और जांच की खामियों को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल में मृतक के पिता जितेंद्र कुमार शर्मा, भाई तरुण शर्मा, बहन प्रीति शर्मा, पत्नी आरती शर्मा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को शासन स्तर से उचित आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मृतक की पत्नी आरती शर्मा को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए शासन और संबंधित विभागों से पैरवी की जाएगी, ताकि परिवार को भविष्य में आर्थिक संबल मिल सके।

बैठक के दौरान नगर कोतवाली प्रभारी की कथित अमर्यादित टिप्पणी और मारवाड़ चौकी के पुलिसकर्मियों पर साक्ष्य संकलन में लापरवाही के आरोप भी उठाए गए। इस पर एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक दरोगा और एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। साथ ही अन्य संबंधित पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने दावा किया कि मृतक की स्कूटी पर दुर्घटना के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। इसी आधार पर उन्होंने मामले की हत्या के एंगल से भी जांच कराने की मांग की। इस पर एसपी ने जांच अधिकारियों को निर्देश देने की बात कही कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से निष्पक्ष जांच की जाए और किसी भी संभावना को नजरअंदाज न किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष मांग रखी कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, मृतक की पत्नी को रोजगार दिया जाए, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, लापरवाही के आरोपी पुलिसकर्मियों पर समयबद्ध कार्रवाई हो तथा जांच की प्रगति की नियमित जानकारी परिवार को दी जाए।

बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसपी द्वारा दिए गए आश्वासनों का स्वागत करते हुए कहा कि जब तक सभी घोषणाएं धरातल पर पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक न्याय की मांग को लेकर उनका शांतिपूर्ण प्रयास जारी रहेगा।

Please follow and like us: