
हस्तिनापुर। कस्बे की डिफेंस कॉलोनी निवासी एक युवक ने उस पर हुए हमले के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज होकर सोमवार शाम थाने में हंगामा कर दिया। युवक ने अपने ऊपर तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया, जिससे थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया और समझाकर शांत कराया।
जानकारी के अनुसार डिफेंस कॉलोनी निवासी कुलदीप ने बताया कि देर रात कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गया। घटना के बाद उसने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे क्षुब्ध होकर वह मंगलवार की शाम हस्तिनापुर थाने पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपने साथ तेल से भरी बोतल लेकर आया था। थाने में पहुंचते ही उसने कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया और अपने ऊपर तेल छिड़क लिया। इसके बाद उसने आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे पकड़ लिया और किसी तरह माचिस जलाने से पहले ही रोक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाया और उसकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जब इस विषय में सीओ मवाना पंकज लवानिया से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि हस्तिनापुर निवासी कुलदीप के साथ हुई मारपीट को लेकर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से तलाश शुरू कर दी गई है