हिस्ट्रीशीटर पर पुरानी रंजिश को लेकर बुलेट सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

गोलीकांड से दहला इलाका गैगवार की आशंका?

हापुड़ – सोमवार की शाम शहर गोलियों की तड़तड़ाहट से कांप उठा। नगर कोतवाली का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अतुल त्यागी वासु गार्डन के पास जिम से लौटते वक्त बुलेट सवार बदमाशों का शिकार बना। एक गोली स्कूटी में धंसी, दूसरी उसके कूल्हे को चीर गई। खून से लथपथ हिस्ट्रीशीटर किसी तरह भाग निकला, लेकिन वारदात ने पूरे इलाके में खौफ फैला दिया।

घायल हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज है 17 मुकदमे

इलाके में त्यागी नगर निवासी अतुल त्यागी का नाम अपराध की दुनिया में जाना-पहचाना है। हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगवार जैसे मामलों में उस पर 17 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज यह नाम सोमवार को फिर गोलियों की गूंज के बीच सुर्खियों में आ गया।

“बीच में आया तो जान से जाएगा”हमलावरों की दहाड़

गवाहों के मुताबिक, दो नकाबपोश हमलावर बुलेट पर आए और अतुल पर गोलियां बरसाने लगे। वारदात के बाद उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को ललकारते हुए कहा,“जो बीच में आया, उसका भी यही हाल होगा।”उनकी यह दहाड़ सुनते ही लोग सहम गए। दुकानदारों ने शटर पटक दिए और सड़क खाली हो गई। चंद मिनटों में वासु गार्डन का इलाका पुलिसिया फिल्म का सेट लगने लगा।

अस्पताल तक पहुंचा हिस्ट्रीशीटर, पुलिस में हड़कंप

खबर मिलते ही थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल भिजवाया। कुछ ही देर बाद एएसपी विनीत भटनागर और सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर जिले में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए वाहनों का चेकिंग अभियान तेजी से चलाने निर्देश दे दिए घायल के भाई कृष्णकांत त्यागी ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि गोली चलाने वाले दो ही थे। पुलिस ने CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

गैंगवार का एंगल, बढ़ा शहर में खौफ
अपराधियों के बीच पुरानी दुश्मनी और गैंगवार की बू इस वारदात से साफ झलक रही है। पुलिस भी इसे महज व्यक्तिगत रंजिश नहीं मान रही। देर रात तक चेकिंग अभियान चला, गाड़ियों की तलाशी हुई और शहर के मुख्य चौराहों पर पुलिस ने डेरा डाल दिया।


एएसपी का बयान
एएसपी विनीत भटनागर का कहना है“वारदात में शामिल बदमाश जल्द गिरफ्तार।हिस्ट्रीशीटर पर हुए हमले की जांच कई एंगल से की जा रही है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है और बदमाशों की तलाश के लिए दबिशें दी जा रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहर में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है, किसी को भी डरने की जरूरत नहीं।”

Please follow and like us: