केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने की डॉ. ‘गंभीर’ की साहित्यिक रचनाओं की सराहना



मेरठ। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रसिद्ध कवि और लेखक डॉ ईश्वर चंद गंभीर की साहित्यिक रचनाओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज में जनजागृति का सशक्त माध्यम बताया। श्री गडकरी ने कहा कि डॉ. गंभीर जैसे लेखकों की कविताएं और साहित्य अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके। यह विचार उन्होंने नई दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर डॉ. गंभीर से मुलाकात के दौरान व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ गंभीर ने केंद्रीय मंत्री को अपनी प्रमुख पुस्तकों का एक संग्रह भेंट किया। डॉ. ईश्वर चंद गंभीर की अब तक 35 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें सड़क सुरक्षा, बेटी बचाओ, जनसंख्या नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय धरोहर जैसे सामाजिक सरोकारों पर आधारित रचनाएं प्रमुख हैं। उनकी लेखनी हमेशा समाज को दिशा देने वाले विषयों पर केंद्रित रही है। इस अवसर पर अखिल भारतीय हिंदी सेवा समिति के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा ने संस्था की ओर से केंद्रीय मंत्री गडकरी को अंगवस्त्र और पटका पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मेरठ के पूर्व सांसद और भाजपा के संगठनात्मक चुनावों हेतु उत्तर प्रदेश अपीलीय समिति के चेयरमैन राजेंद्र अग्रवाल भी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि डॉ. ‘गंभीर’ की लेखनी न केवल साहित्यिक दृष्टि से समृद्ध है, बल्कि सामाजिक चेतना के संवाहक के रूप में भी जानी जाती है। केंद्रीय मंत्री जैसे वरिष्ठ नेता द्वारा उनके कार्य की सराहना मिलना, उनकी साहित्यिक यात्रा की महत्ता को रेखांकित करता है।