कुलपति ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण



मेरठ। – चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने बुधवार को काशीराम शोधपीठ स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया का जायजा लिया और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा के दौरान सभी नियमों का पालन हो रहा है। उन्होंने परीक्षा कक्ष में सुरक्षा, छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्रों के वितरण, और उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण प्रक्रिया की बारीकी से जांच की। कुलपति ने परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों से संवाद कर आवश्यक निर्देश दिए और निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर मौजूद छात्रों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। कुलपति ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया और परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों को उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने छात्रों को शांत वातावरण में परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान कुलसचिव / परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार, चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर वीरपाल सिंह, प्रोफेसर अतवीर सिंह, डॉक्टर दुष्यंत चौहान, डॉक्टर अजय कुमार, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Please follow and like us: