जंग का अखाड़ा बनी शहर की पॉश कालोनी, एक दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया

मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में शीलकुंज कॉलोनी के गेट पर चल रहे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पल्लवपुरम फेज एक के निवासी बिल्डर द्वारा दीवार तोड़कर शीलकुंज कॉलोनी में गेट लगाने का विरोध कर रहे हैं। सोमवार को सैकड़ों लोगों ने कॉलोनी के गेट पर टेंट लगाकर धरना शुरू किया।

शहर की सबसे पॉश, महंगी कालोनी माने जाने वाली शीलकुंज में कालोनीवासी आपस में बुरी तरह झगड़ पड़े। वीआईपी कालोनी में महाभारत छिड़ गया वो पूरी तरह जंग का मैदान नजर आई। जब कालोनीवासी आपस में नहीं माने तो मजबूरन वहां पुलिस प्रशासनिक अफसरों को बीच में आना पड़ा। मौके पर भारी फोर्स तैनात किया गया। इस कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट विधायक अमित अग्रवाल, मेयर हरिकांत अहलूवालिया और भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी भी मौके पर पहुंचे। भाजपा नेताओं ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि, गेट लगाने का विवाद आगे और बढ़ सकता है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। कमिश्नर के आदेश पर पुलिस, प्रशासन और एमडीए के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटा दिया।

Please follow and like us: