
थाना सरूरपुर पुलिस व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित व ₹25,000 के इनामी अभियुक्त हारून पुत्र ताज मोहम्मद उर्फ ताजू निवासी ग्राम पाँचली बुजुर्ग, थाना सरूरपुर, मेरठ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 07 अप्रैल 2022 को ग्राम पाँचली बुजुर्ग निवासी नेत्रपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई चरण सिंह की तहरीर पर थाना सरूरपुर में मुकदमा मु0अ0सं0 78/2022 धारा 396 भादवि पंजीकृत किया गया था। प्रारंभिक जांच में कई नामजद अभियुक्तों की संलिप्तता नहीं पाई गई, जिसके बाद विवेचना में केवल हारून का नाम सामने आया।
जांच में यह खुलासा हुआ कि नेत्रपाल और हारून के बीच गेहूं की फसल एवं अनुदान राशि के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। झगड़े के दौरान नेत्रपाल ने हारून पर बलकटी से वार किया, जिससे आक्रोशित होकर हारून ने तमंचे से फायर कर दिया, और नेत्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई।
अभियुक्त हारून की गिरफ्तारी न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था। रविवार को थाना प्रभारी अजय शुक्ला व सर्विलांस प्रभारी मुनेश सिंह की टीम ने उसे मेरठ–करनावल हाईवे स्थित पाँचली बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा उसे आवश्यक विधिक कार्रवाई हेतु अदालत में पेश किया जाएगा।