प्रभारी मंत्री ने सरदार पटेल जयंती समारोह की समीक्षा बैठक की

विकास भवन सभागार में रविवार को पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह के प्रबंधन एवं आयोजन संबंधी समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने मंत्री का शॉल ओढ़ाकर तथा पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।प्रभारी मंत्री ने बताया कि 31 अक्टूबर से 25 नवम्बर 2025 तक हर विधानसभा क्षेत्र में पदयात्राएँ निकाली जाएँगी, जिनमें जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पदयात्रा मार्गों की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि सभी स्कूलों व कॉलेजों में निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन पर संगोष्ठी व नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएँ। युवाओं के बीच नशामुक्त भारत शपथ, स्वदेशी मेला, योग शिविर, स्वच्छता अभियान तथा आत्मनिर्भर भारत शपथ भी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा MY Bharat के माध्यम से “विकसित भारत पदयात्रा” चलाई जा रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी आधारित राष्ट्र निर्माण के विजन से प्रेरित है। इसी पहल के तहत Sardar @150 Unity March शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर 2025 तक करमसद से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया) तक 152 किमी की दूरी तय करेगी। मार्ग में सामाजिक विकास कार्यक्रम, प्रदर्शनी और “सरदार गाथा” का आयोजन होगा। अंत में मंत्री ने जिले की गौशालाओं में सर्दी से बचाव, भूसा-चारा और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा धान क्रय केंद्रों के सुचारु संचालन के निर्देश दिए। बैठक में सांसद, विधायक, एमएलसी, नगर व जिला अधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Please follow and like us: