
मेरठ उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने मेरठ के संजय वन में विकास कार्यों और सौंदर्यकरण का शुभारंभ किया है। इस परियोजना के तहत लगभग ₹8 करोड़ की लागत से संजय वन का कायाकल्प किया जाएगा। यह वन 12 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और यहां पहले से ही 70 से अधिक पक्षी प्रजातियां और विभिन्न वन्यजीव रहते हैं। नए विकास कार्यों में वॉकिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक, कैफेटेरिया, दो पार्कों का सौंदर्यकरण, बोटिंग के लिए तालाब, और एक आधुनिक वॉच टावर शामिल हैं। यह वॉच टावर कारगिल शहीद मनोज तलवार को समर्पित होगा और इसकी ऊंचाई लगभग 65 फीट होगी।

डॉ. तोमर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैबिनेट मंत्री ए. के. शर्मा और मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक पांडे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली रोड और रैपिड रेल स्टेशन के निकट स्थित होने के कारण संजय वन का सौंदर्यकरण क्षेत्रीय विकास में महत्वपूर्ण योगदान करेगा।
इस परियोजना के माध्यम से संजय वन को एक प्रमुख पर्यटन स्थल और शहरी हरियाली का केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
