
राज्यपाल ने विधानसभा में आधुनिक बदलावों की सराहना
लखनऊ। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
वही लंबे अंतराल के बाद विधानसभा पहुंचे राज्यपाल शुक्ल ने यहाँ हुए आधुनिकीकरण, तकनीकी सुधारों और व्यापक बदलावों का अवलोकन किया। उन्होंने विधानसभा परिसर में निर्मित नई सुविधाओं को देखकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह परिवर्तन न केवल लोकतांत्रिक संस्था की गरिमा को बढ़ाते हैं, बल्कि समय की आवश्यकता को भी पूरा करते हैं। राज्यपाल शुक्ल ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली से विधानसभा में पारदर्शिता और आधुनिकता का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है, तब विधानसभा में किए गए यह सुधार निश्चित रूप से लोकतंत्र को और सशक्त करेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि संसदीय परंपराओं का संरक्षण करना अत्यंत आवश्यक है और उत्तर प्रदेश विधानसभा ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आधुनिक तकनीक और नई सुविधाओं के उपयोग से यहाँ की कार्यवाही अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन रही है। यह बदलाव भविष्य में अन्य राज्यों के लिए भी एक आदर्श उदाहरण साबित हो सकते हैं।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने इस अवसर पर कहा कि विधानसभा केवल विधायी कार्यवाही का मंच नहीं है, बल्कि यह वास्तव में लोकतंत्र का मंदिर है। यहाँ न केवल कानून बनाए जाते हैं, बल्कि समाज और राज्य के भविष्य की रूपरेखा भी तय होती है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सदन को और अधिक सशक्त, पारदर्शी तथा तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी विधानसभा के आधुनिकीकरण की दिशा में लगातार प्रयास जारी रहेंगे। महाना ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा देश की सबसे बड़ी विधानसभाओं में से एक है और यहाँ होने वाले सुधारों से पूरे देश को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने राज्यपाल के मार्गदर्शन को भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताया और कहा कि उनका अनुभव और सुझाव विधानसभा को और बेहतर बनाने में सहायक होंगे। इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे, अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने राज्यपाल के साथ मिलकर विधानसभा के नए स्वरूप और सुविधाओं का अवलोकन किया।