
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक चेतना और विकासात्मक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक भव्य एवं समारोहपूर्वक किया जाएगा। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 1950 को ‘संयुक्त प्रांत’ का नाम बदलकर ‘उत्तर प्रदेश’ रखा गया था। इसी ऐतिहासिक स्मृति को संजोए रखने तथा प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने के लिए वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश दिवस को त्रिदिवसीय आयोजन के रूप में मनाया जा रहा है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” थीम के अंतर्गत राजधानी लखनऊ, नोएडा सहित प्रदेश के सभी जनपदों में एक साथ किया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम लखनऊ स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर आयोजित होगा, जबकि जनपद स्तर पर सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक और विकासपरक कार्यक्रम संपन्न होंगे। लखनऊ के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जाएगा, जिससे देश-विदेश में रहने वाले प्रदेशवासी भी इस उत्सव से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस–2026 को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से इसका आयोजन दिल्ली, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों तथा विदेशों में भी किया जाएगा। शासनादेश के अनुसार फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर, थाईलैंड सहित अन्य देशों में भारतीय दूतावासों के सहयोग से उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाएगा।
पर्यटन मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और उत्तर प्रदेश के नवोदय एवं विकास की झलक प्रत्यक्ष रूप से देखें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थलों पर वन डिस्ट्रिक्ट–वन प्रोडक्ट (ODOP) से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ आगंतुक अपने-अपने जिलों की प्रगति, परंपरा और विकास यात्रा का अवलोकन कर सकेंगे। साथ ही राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के विचार सुनने का भी यह महत्वपूर्ण अवसर होगा।
मंत्री ने 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस एवं राष्ट्रीय मतदाता दिवस, तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने बताया कि मुख्य आयोजन लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल एवं नोएडा स्थित शिल्पग्राम में होगा, जबकि मुंबई सहित प्रदेश के अन्य जनपदों में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नोएडा शिल्पग्राम में होने वाले कार्यक्रम में उपर्युक्त देशों के राजदूतों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के भव्य, सुव्यवस्थित और सफल आयोजन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।