
लखनऊः उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के निदेशक श्री विशाल सिंह ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल सूचना परिसर स्थित मीटिंग हॉल में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पोर्टल का शुभारम्भ किया।
विशाल सिंह ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से अब टीवी चैनल, एफएम रेडियो, सिनेमा आदि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों को विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले विज्ञापनों की जानकारी और संबंधित रिलीज ऑर्डर (आर.ओ.) ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विभिन्न मीडिया चैनलों को आर.ओ. प्राप्त करने के लिए सूचना विभाग के कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। चैनल अपनी सुविधानुसार पोर्टल पर जाकर सीधे आर.ओ. डाउनलोड कर सकेंगे।
निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि इस डिजिटल पहल से प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, समय की बचत होगी और विभागीय कार्यों में गति तथा दक्षता बढ़ेगी। इस अवसर पर वरिष्ठ वित्त एवं लेखा अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।