महिलाओं के सुरक्षा और सशक्तिकरण जागरूकता अभियान



हापुड़ : महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत बुधवार को जिले में एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में एंटी रोमियो टीमों और महिला सुरक्षा दल ने गांव-गांव, मोहल्लों और शिक्षण संस्थानों में चौपाल लगाकर महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के बारे में जानकारी दी। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों को आत्मनिर्भर, सम्मानित और सुरक्षित बनाना है। अभियान के दौरान उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे यूपी-112, वीमेन पावर लाइन-1090, महिला हेल्प डेस्क, बाल श्रम उन्मूलन, और आत्मरक्षा संबंधी टिप्स के बारे में बताया गया। इसके साथ ही गुड़ टच और बैड टच, महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं तथा सुरक्षा उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। वही चौपाल में महिलाएं और छात्राएं काफी संख्या में शामिल हुईं, जहां उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और यह बताया गया कि अगर वे कभी भी किसी प्रकार के संकट में हों, तो किस प्रकार से वे तुरंत मदद ले सकती हैं। पुलिस विभाग ने इस अभियान को काफी प्रभावी और महत्वपूर्ण बताया और कहा कि यह कदम महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक भी करेगा।