
उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के संयुक्त सचिव विजय त्रिपाठी का हापुड़ आगमन पर पत्रकारों ने जोरदार स्वागत किया। लखनऊ से दिल्ली और गाजियाबाद होते हुए जैसे ही विजय त्रिपाठी हापुड़ पहुंचे, स्थानीय पत्रकारों ने फूलमालाओं और गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। इसके बाद एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें गाजियाबाद और हापुड़ जिले के कई पत्रकार शामिल हुए।
बैठक के दौरान विजय त्रिपाठी ने पत्रकारों की समस्याएं सुनीं और उन्हें विश्वास दिलाया कि उनकी आवाज़ शासन-प्रशासन तक ज़रूर पहुंचाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 जून को लखनऊ स्थित सूचना निदेशालय पर एक विशाल धरने का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के पत्रकार अपनी मांगों के साथ शामिल होंगे। इस धरने में गाजियाबाद और हापुड़ के पत्रकारों की प्रमुख समस्याएं, जैसे मान्यता प्रक्रिया में बाधाएं, पुलिस उत्पीड़न, जिला समिति का निष्क्रिय होना, और पत्रकारों के लिए सरकारी योजनाओं में आवास व कोटा जैसी सुविधाओं की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।

गाजियाबाद के पत्रकारों ने पुलिस-प्रशासन द्वारा हो रहे उत्पीड़न की शिकायत की, वहीं हापुड़ के पत्रकारों ने बताया कि जिले में वर्षों से मान्यता प्राप्त समिति का गठन नहीं हो पाया है, जिससे पत्रकारों को संगठित रूप से अपनी बात रखने में कठिनाई होती है। साथ ही प्राधिकरण और आवास विकास परिषद में पत्रकारों के लिए कोटे की व्यवस्था की मांग को भी ज़ोर-शोर से उठाया गया।
बैठक में उपजा जिलाध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने उपजा प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शर्मा से फोन पर वार्ता कराई। प्रदीप शर्मा ने विजय त्रिपाठी के प्रयासों को सराहते हुए कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को लेकर प्रदेश में उदासीनता बढ़ती जा रही है, ऐसे में अब संघर्ष ही अंतिम विकल्प है। उन्होंने पत्रकारों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अमित अग्रवाल मुन्ना, डीपी आर्य, नितिन दीक्षित, भरत गुप्ता, विशाल गोयल, मनीष कुमार, जनार्दन सैनी, शाहरुख खान, अतुल शर्मा, रमाशंकर पांडे, सुशील शर्मा, मोहम्मद हाशिम सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने आंदोलन को समर्थन देने और जरूरत पड़ने पर जनपद स्तर पर भी संघर्ष छेड़ने की सहमति जताई।