एमबीबीएस चिकित्सक के नाम पर अप्रशिक्षित कर रहे प्रैक्टिस

PU

हापुड़ । स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बृहस्पतिवार को गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में अवैध अस्पतालों और अप्रशिक्षित चिकित्सकों के क्लीनिक के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान चौकाने वाले मामले सामने आए हैं। जनपद में कई अप्रशिक्षित चिकित्सक ऐसे हैं जो एमबीबीएस चिकित्सकों की डिग्री पर अपना क्लीनिक चला रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विभाग ने टीम का गठन किया है।जनपद में आए दिन अप्रशिक्षित चिकित्सकों के क्लीनिक पर अप्रिय घटनाएं सामने आती रहती हैं। हाल ही में गढ़मुक्तेश्वर में मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद अधिकारियों ने तीन अस्पतालों को सील कर दिया था। इसके अलावा करीब आधा दर्जन अस्पतालों का निरीक्षण भी किया था। निरीक्षण के दौरान कई अस्पताल ऐसे पाए गए जिनके पंजीकरण में एमबीबीएस की डिग्री लगी हुई है। लेकिन, मौके पर वहां पर वह चिकित्सक उपस्थित ही नहीं थे। अधिकारियों ने फोन से संपर्क साधने की कोशिश की तो उन्होंने खुद को बाहर होने की बात कहकर टाल दिया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि अप्रशिक्षित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए टीम का गठन कर दिया गया है। टीम हर क्लीनिक पर जाकर जांच करेगी। जिस चिकित्सक के नाम से अस्पताल या क्लीनिक का पंजीकरण होगा और वह वहां पर मौजूद नहीं मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Please follow and like us: