
हापुड़। जनपद के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई और दोस्तों के साथ मिलकर नृशंस तरीके से उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से खून से सना चाकू, ईंट और 52,300 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
जंगल से बरामद हुआ शव, गांव में फैली सनसनी
27 अगस्त की सुबह ततारपुर गांव के जंगल में ग्रामीणों को एक लहूलुहान शव पड़ा मिला। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे और चेहरा ईंट से बुरी तरह कुचला हुआ था। पहचान होने पर पता चला कि शव गांव के ही 62 वर्षीय मनवीर सिंह का है। शव की हालत देख पुलिस ने तुरंत हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी व सर्विलांस से खुली साजिश
जांच में जुटी पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मोबाइल सर्विलांस से जो खुलासा हुआ, उसने सभी को चौंका दिया। हत्या का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि मृतक का बेटा विशाल उर्फ सौरभ ही निकला। विशाल ने पिता की हत्या के लिए गांव के ही गुड्डू, बाबू और गगन से संपर्क कर सौदा तय किया था।
पैसों और रंजिश के चलते पिता को बनाया निशाना
पुलिस पूछताछ में विशाल ने बताया कि उसके पिता जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम करने की योजना बना रहे थे और उससे पारिवारिक विवाद भी बढ़ गया था। इसी कारण उसने पिता को रास्ते से हटाने का फैसला लिया। सौदा 12 लाख रुपये में तय हुआ, जिसमें से 1.5 लाख रुपये एडवांस दिए गए। यह रकम तीनों साथियों में बांट दी गई थी।
वारदात का खौफनाक अंजाम
26 अगस्त की सुबह मनवीर सिंह जब खेत की ओर गए, तभी घात लगाए बैठे आरोपियों ने हमला कर दिया। चाकू से उनकी गर्दन रेत दी और फिर ईंट से चेहरा कुचल दिया ताकि पहचान मुश्किल हो जाए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।

चारों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने किया खुलासा
30 अगस्त को पुलिस ने ततारपुर के खड़ंजे पर बने एक ट्यूबवेल से चारों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में मृतक का बेटा विशाल उर्फ सौरभ, गुड्डू उर्फ रामगोपाल, बाबू उर्फ विक्रांत और गगन शामिल हैं।
एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानजय सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह मामला रिश्तों के साथ विश्वासघात और क्रूरता का उदाहरण है। बेटे ने पैसों के लालच और निजी रंजिश में पिता की जान ले ली। पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।