
ब्रजघाट – गंगा सभा आरती समिति के संरक्षक को श्रद्धांजलि देते हुए क्षेत्रीय विधायक ने बनारस की तर्ज पर हो रही आरती में उनके द्वारा चार चांद लगाने में महत्वपूर्ण निभाने का गुणगान किया। बनारस की तर्ज पर ब्रजघाट तीर्थनगरी में गंगा सभा समिति के तत्वाधान में हो रही आरती के संरक्षक अनिल कौशिक को श्रद्धांजलि दी गई। क्षेत्रीय विधायक हरेंद्र तेवतिया की मौजूदगी में गंगा सभा आरती समिति के अध्यक्ष अशोक नागर, महामंत्री विष्णु दत्त नागर, संचालक कपिल शर्मा, कोषाध्यक्ष संजय रस्तौगी, श्री गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष विनय मिश्रा समेत स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में गंगा भक्तों ने श्रद्धांजलि दी। मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति को गंगा मैया से प्रार्थना की गई। विधायक हरेंद्र तेवतिया ने बनारस की तर्ज पर प्रतिदिन संध्या में हो रही गंगा मैया की आरती में चार चांद लगाने में दिवंगत अनिल कौशिक की भूमिका का जमकर गुणगान किया। संरक्षक का आकस्मिक निधन होने पर समिति द्वारा तीन दिनों का शोक घोषित किए जाने से बुधवार को दूसरे दिन भी गंगा मैया की आरती घंटे घडिय़ाल और लाउड स्पीकर पर बजने वाले गंगा मैया के भजनों के बिना की गई।