भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, मनोज कुमार को कार्यमुक्त कर इंद्रपाल सिंह को सौंपा चार्ज

हापुड़ नगर पालिका परिषद में चल रहे भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिका परिषद हापुड़ के प्रभारी अधिशासी अधिकारी एसडीएम मनोज कुमार को उनके पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर नगर पालिका पिलखुवा के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह को हापुड़ नगर पालिका का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है। यह कदम नगर पालिका में लंबे समय से चल रहे विवादों और भ्रष्टाचार के मामलों के चलते उठाया गया है।

पिछले कुछ महीनों से नगर पालिका परिषद हापुड़ में मनोज कुमार के नेतृत्व में कई गंभीर आरोप सामने आ चुके थे। इनमें सफाई के ठेके में भ्रष्टाचार, अध्यक्ष पति के साथ विवाद, नगर पालिका की संपत्ति पर कब्ज़ा करने के प्रयास जैसे मामलों ने सुर्खियां बटोरी थीं। इन आरोपों को लेकर नगर पालिका के सभासदों ने विरोध प्रदर्शन किया और हाईकोर्ट में वाद दायर कर उचित कार्रवाई की मांग की थी।

इसके अलावा, सफाई निरीक्षक राजकुमार का स्थानांतरण गाजियाबाद जिले के लोनी नगर पालिका में किया गया था, लेकिन बावजूद इसके आरोपों का सिलसिला जारी रहा। अधिकारियों पर लगातार गंभीर आरोप लगने के बाद, उत्तर प्रदेश शासन में विशेष सचिव उदय भानु त्रिपाठी ने जिलाधिकारी की गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर मनोज कुमार को नगर पालिका के कार्यों से मुक्त कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल आदेश की कॉपी

अब, हापुड़ नगर पालिका का कार्यभार इंद्रपाल सिंह को सौंपा गया है। यह देखा जाएगा कि नए अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में नगर पालिका के कार्यों में सुधार होता है या नहीं। इस कदम से हापुड़ नगर पालिका में प्रशासनिक पारदर्शिता और जनता की सेवा में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share