हापुड़: अधिवक्ता से विवाद में आबकारी इंस्पेक्टर पर मुकदमा दर्ज, वकीलों का प्रदर्शन

हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के आनंद विहार में रविवार दोपहर हुई सड़क दुर्घटना के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आबकारी विभाग में तैनात इंस्पेक्टर हिमांशु कर्दम ने अधिवक्ता से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। मामले को लेकर अधिवक्ता समुदाय ने विरोध जताया और कार्रवाई की मांग करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचा।

हादसा और आरोप

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर लगभग 2:50 बजे अधिवक्ता कौशल सिसोदिया, निवासी अर्जुन नगर, अपने बहनोई अर्जुन राघव के साथ शिवगढ़ी से लौट रहे थे। इसी दौरान आनंद विहार के पास उनकी कार को पीछे से एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी। अधिवक्ता का आरोप है कि वाहन चालक, जो आबकारी विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं, ने मौके पर गाली-गलौज की और खुद को पुलिस से ऊपर बताते हुए धमकी दी।

वकीलों का विरोध प्रदर्शन

घटना के बाद अधिवक्ता समुदाय ने नाराजगी जताई। हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल और सचिव वीरेंद्र सैनी के नेतृत्व में वकीलों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि “अधिवक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा और आरोपी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”

एसपी का बयान – “कानून के सामने सब बराबर”

अधिवक्ताओं के विरोध के बाद एसपी ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि “कानून से ऊपर कोई नहीं है। चाहे सरकारी अधिकारी हो, कर्मचारी हो या आम नागरिक, गलती करने वाले पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस निष्पक्ष रूप से जांच करेगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।” एसपी ने यह भी कहा कि मामले की जांच चल रही है और विभागीय कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा।

क्या हुई पुलिस कार्रवाई

एसपी के निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस ने आबकारी इंस्पेक्टर हिमांशु कर्दम के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 324(4), 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा।

Please follow and like us: