कायाकल्प टीम ने सीएचसी में व्यवस्था परखीं


● ओपीडी, इमरजेंसी, लेबर रूम का किया मूल्यांकन
● सही जानकारी न मिलने पर नाराजगी जताई


गढ़मुक्तेश्वर – सीएचसी में कायाकल्प टीम ने ओपीडी, प्रसव कक्ष और प्रसूता वार्ड का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश देते हुए उपलब्ध संसाधनों की पड़ताल भी की। टीम ने मरीजों को दी जाने वालीं सुविधाओं को लेकर चिकित्सकों से जानकारी ली। दोपहर को कायाकल्प एनक्वास टीम के सदस्य अलीगढ़ से आए डॉ.सुहेल, डॉ.अंकुर, मेरठ से आए डीपीएम, हापुड़ से डीपीएम सतीश, डॉ.गरिमा ने डिप्टी सीएमओ डॉ. दिनेश भारती की मौजूदगी में चिकित्सकों की तैनाती, ओपीडी लोड समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी ली। टीम के डीपीएम ने ओपीडी में तैनात चिकित्सक और प्रतिदिन इलाज के लिए आने वाले मरीजों का विवरण भी देखा। बाहर बने ओपीडी, पर्चा काउंटर और इमरजेंसी वार्ड का जायजा भी लिया गया। टीम ने मरीजों से बातचीत कर बीमारी और इलाज के बारे में पूछा। एक्स-रे वार्ड में मिलने वालीं सुविधाएं भी देखीं। प्रसव कक्ष के सर्जन और स्टाफ नर्स से बातचीत की। प्रसव के दौरान दी जाने वाली दवा और एंटीबायोटिक इंजेक्शन के बारे में जानकारी मांगी। वार्ड में भर्ती मरीजों का बैड हैड टिकट (बीएसटी) देख फाइल को पूर्ण रूप से भरने का निर्देश दिया। एनक्वास टीम के निरीक्षण के दौरान भी अस्पताल में तैयारियां जोरों पर चल रहीं थीं। कर्मचारी इमरजेंसी वार्ड के बाहर स्थित खून के जांच केंद्र पर पहुंच कर लैब में खून लेने के बाद सिरिंज को नष्ट करने को लेकर भी बारीकी से जांच की और पूछताछ में सही से जानकारी नहीं देने पर नाराजगी जताई गई।

Please follow and like us: