
पालिका क्षेत्र में सैकड़ों परिवारों द्वारा आज तक पानी का बिल अदा नहीं किया गया है, जिसके कारण सत्तर लाख रुपये बकाया चल रहा है। पेयजल सप्लाई को सुचारु बनाने के साथ ही बकाया राशि वसूलने के लिए तीन सौ लोगों को नोटिस भेजकर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी गई।
गढ़-ब्रजघाट पालिका क्षेत्र के जिन घरों में पानी की आपूर्ति पहुंच रही है, उनकी संख्या साढ़े चार हजार से भी अधिक है। तीन सौ घर ऐसे भी हैं, जिनके मालिकों द्वारा करीब दो दशक के भीतर आज तक कोई बिल अदा नहीं किया जा सका है।
पेयजल आपूर्ति से जुड़े उपभोक्ताओं पर 31 मार्च तक सत्तर लाख से भी अधिक राशि का बिल बकाया चल रहा था, जिसकी वसूली न होने के कारण अप्रत्यक्ष तौर पर पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
जिन तीन सौ घरों का पानी का बिल जमा नहीं हो पा रहा है, उनके मालिकों को पालिका प्रशासन द्वारा नोटिस भेजे गए हैं, जिनके माध्यम से स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि अगर जल्द ही बकाया बिल अदा नहीं किया गया, तो फिर संबंधित घरों के कनेक्शन काटने के साथ ही उनसे बकाया बिल वसूलने के लिए तहसील के संग्रह विभाग को आरसी भी भिजवाई जाएगी।
अधिशासी अधिकारी संजीवन राम ने बताया कि तीन सौ कनेक्शनों का बिल आज तक भी जमा नहीं हो पाया है, जिसके चलते नई आबादी वाले स्थानों पर पेयजल आपूर्ति पहुंचाने में आर्थिक दिक्कत सामने आ रही है।
उन्होंने बताया कि बकाएदारों को नोटिस भेजकर बिल जमा न होने पर कनेक्शन काटकर आरसी जारी कराने की चेतावनी भी दी गई है।
बकाया जमा न करने पर काटे जाएंगे कनेक्शन, वसूली के लिए तहसील प्रशासन को भेजी जाएगी आरसी