
हापुड़: थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के स्याना मार्ग पर लूट के इरादे से ट्रैक्टर-ट्राली सवार किसान को गोली मारने की वारदात का पर्दाफाश कर पुलिस ने चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से अवैध असलाह भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ सिटी वैभव पांडेय ने बताया कि 17 अगस्त को जनपद बुलंदशहर के थाना बीबीनगर क्षेत्र के गांव चितसोना निवासी मानवेंद्र सिंह उर्फ चिंपू व धमेंद्र ट्रैक्टर-ट्राली में गेहूं लेकर हापुड़ बिक्री करने के लिए आए थे। शाम के समय दोनों ट्रैक्टर ट्राली लेकर घर लौट रहे थे। स्याना मार्ग स्थित गांव बनखंडा से पहले ईंट के भट्टे के पास पहुंचने पर बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर ट्रैक्टर को रुकवाने का प्रयास किया था। लेकिन, मानवेंद्र ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी थी। इसपर बदमाशों ने दोनों किसानों पर फायरिंग कर दी।
इस दौरान गोली का एक गोली मानवेंद्र के हाथ में लग गई थी। जिससे वह घायल हो गया था। इस वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपितों को शुक्रवार रात थाना पुलिस व एसओजी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश जनपद मेरठ के थाना बहसुमा क्षेत्र के गांव मीरपुर निवासी चीनू नागर, थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव उबारपुर निवासी शोभित सहरावत, जनपद बुलंदशहर के थाना बीबी नगर क्षेत्र के गांव चितसोना निवासी प्रशांत व गांव भैंसाखुर निवासी विपिन हैं।
बीएमडब्लू कार खरीदने के लिए किया था लूट का प्रयास- सीओ ने बताया कि आरोपित प्रशांत रिश्ते में घायल किसान मानवेंद्र का भतीजा लगता है। कुछ समय पहले प्रशांत चंड़ीगढ़ में नौकरी करता था। जहां उसकी मुलाकात चीनू, शोभित व विपिन से हुई थी।

इसके साथ सभी आपस में अच्छे दोस्त बन गए थे। कुछ दिन पहले बीएमडब्लू कार खरीदने की इच्छा रखते हुए प्रशांत ने लूट का प्लान तैयार किया था। प्रशांत को जानकारी थी कि मानवेंद्र अक्सर 200-300 कुंतल गेंहू लेकर बिक्री करने के उद्देश्य से हापुड़ मंड़ी में जाता है। लेकिन, आरोपित अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हुए।