
हापुड़— मोहल्ला पन्नापुरी स्थित देवी मंदिर में पुजारी और श्रद्धालुओं के साथ हुई मारपीट की घटना ने क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया। दबंगों द्वारा धार्मिक स्थल पर गाली-गलौज और तोड़फोड़ के बाद मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल भेजा और पीड़ितों की शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) संगठन सक्रिय हो गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंडित बिजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारी पीड़ितों के साथ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिले। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर धार्मिक स्थलों और पुजारियों के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पंडित शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो संगठन विरोध को विधानसभा तक ले जाने को बाध्य होगा। प्रशासन ने संगठन और पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ त्वरित जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। इस मौके पर गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष पंडित गौरव शर्मा, पंडित नरेश शर्मा, पंडित पप्पू बाजपेई और पंडित हरीश शर्मा सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन की इस तत्परता ने पीड़ित परिवार को राहत और न्याय की उम्मीद दी है।