
फैजाबाद/गोण्डा। उप चीनी आयुक्त, पूर्वी एवं मध्य क्षेत्र, लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को सहायक चीनी आयुक्त, गोंडा की अध्यक्षता में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के उद्देश्य से सहायक चीनी आयुक्त गोंडा, आजमगढ़ एवं लखनऊ क्षेत्र के गुड़ उत्पादकों को उनके उत्पाद को बेहतर बनाने एवं मूल्य संवर्धन करने के लिए सभागार सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, फैजाबाद में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका संचालन सहायक चीनी आयुक्त लखनऊ ने किया। कार्यशाला में आईआईएसआर (IISR) के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. दिलीप कुमार के द्वारा गन्ने की फसल, बेहतर गुड़ उत्पाद, उनकी मार्केटिंग आदि की विधियां बतायी गईं। डॉ. पी. के. त्रिपाठी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अयोध्या ने खाद्य सुरक्षा नियमों से अवगत कराया। तो वहीं डॉ. वी. पी. शाही, कृषि विज्ञान केन्द्र, मसौधा द्वारा गन्ने की फसल एवं बेहतर गुड़ उत्पाद के विषय पर चर्चा की गई। प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान उप गन्ना आयुक्त, अयोध्या मंडल संजय गुप्ता, उप गन्ना आयुक्त devipatan मंडल आर. वी. राम ने अच्छी रिकवरी और मार्केटिंग के विषय पर चर्चा की। कार्यशाला में जिला गन्ना अधिकारी अयोध्या राजेश्वर यादव खांडसारी इंस्पेक्टर जय प्रकाश सिंह, सचिव अशोक वर्मा, एवं कई गुड़ उत्पादक उपस्थित रहे।