प्रदेश सरकार के 8 वर्षों की सफलता पर हुआ भव्य कार्यक्रम



हापुड़— मनोहर रीजेंसी गढ़ रोड पर उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। सूर्य प्रकाश पाल ने स्वयं प्रदर्शनी का अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के लाभार्थियों को मिलने वाले लाभ की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने यूपी के उपयोगी 8 वर्ष रिपोर्ट कार्ड और उत्कर्ष के 8 वर्ष नामक पुस्तिकाओं का विमोचन किया, जो प्रदेश सरकार के 8 वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाती हैं। वही कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश पाल ने महिलाओं के प्रति प्रदेश सरकार की सुरक्षा और सम्मान की नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की है, जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है। पुलिस प्रशासन 24 घंटे महिला सुरक्षा के लिए कार्यरत है और प्रदेश में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं को बढ़ावा देने और उनकी सफलता की ओर इशारा करते हुए बताया कि महिलाओं की शिक्षा, रोजगार और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक,ट्रैकसूट,आवासों की चाबी,लेबर कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज़ प्रदान किए गए। कार्यक्रम के पहले दिन जिलाधिकारी प्रेरणा शर्मा ने बताया कि यह तीन दिवसीय कार्यक्रम  26 और 27 मार्च को भी इसे उसी उत्साह और जोश के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम कलाकारों की प्रस्तुति की मौजूद लोगों ने सराहना के साथ आयोजकों को बधाई दी। कार्यक्रम मेंं सदर विधायक विजयपाल आढ़ती,एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह,सीडीओ हिमांशु गौतम,सीएमओ डॉ. सुनील कुमार त्यागी,जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर,जिलाध्यक्ष नरेश तोमर,कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।