आज होगा गाजियाबाद में सैल्यूट तिरंगा द्वारा उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान का भव्य आयोजन





गाजियाबाद। सैल्यूट तिरंगा राष्ट्रवादी संगठन द्वारा 23 मार्च, शहीद दिवस के अवसर पर “उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे 25 महान विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन वंदना फॉर्म, संसारा बैंक्वेट, वसुंधरा, गाजियाबाद में किया जाएगा, जहां सैल्यूट तिरंगा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री यशवीर सिंह द्वारा किया जाएगा। सैल्यूट तिरंगा के प्रदेश अध्यक्ष और कार्यक्रम संयोजक रूपेंद्र सिंह रोमी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य शहीद दिवस पर उन बहादुर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करना है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि आज भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के तीन महानायक भगत सिंह, शिवराम राजगुरु और सुखदेव थापर के बलिदान का दिन है, जिन्हें इसी दिन 1931 में अंग्रेजों ने फांसी दी थी। यह आयोजन उनके बलिदान की स्मृति को जीवंत रखने और वर्तमान पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश अध्यक्ष (बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ) वंदना सोनी ने बताया कि इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन भी होगा, जिसमें देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी।सैल्यूट तिरंगा के उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि यह आयोजन न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का माध्यम होगा, बल्कि उन वीरों को भी याद किया जाएगा, जिनकी कुर्बानी के कारण हम आज आजाद भारत में सांस ले रहे हैं।कार्यक्रम की रूपरेखा सैल्यूट तिरंगा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी रूपेंद्र सिंह रोमी और उनकी टीम ने मिलकर तैयार की है।

Please follow and like us:
Pin Share