फटे कुर्ते और नंगे पांव लखनऊ पहुंचे विधायक नंदकिशोर गुर्जर, भाजपा के नोटिस का दिया जवाब



● कलश यात्रा रोकने पर पुलिस प्रशासन पर भड़के थे विधायक
● भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को सौंपी सफाई
● रामकथा करना अपराध नहीं’, बोले नंदकिशोर गुर्जर



गाजियाबाद। लोनी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में गाजियाबाद में कलश यात्रा के दौरान पुलिस से हुए टकराव के बाद भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। सोमवार को विधायक गुर्जर लखनऊ पहुंचे और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को अपना लिखित जवाब सौंपा। विधायक गुर्जर का विरोध करने का तरीका भी चर्चा में रहा। वे फटा हुआ कुर्ता पहनकर और नंगे पांव प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन के इशारे पर उनकी यात्रा रोकी गई और इसमें शामिल महिलाओं व अन्य कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की गई। विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा रामकथा और कलश यात्रा करना अपराध नहीं है। यह यात्रा पहले भी निकाली जाती रही है, लेकिन अब इसे जबरन रोका गया। अगर मेरे लिए विधायक पद से इस्तीफा देना जरूरी हो, तो मैं उसके लिए भी तैयार हूं, लेकिन अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता रहूंगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए गुर्जर को कारण बताओ नोटिस भेजा था। प्रदेश महासचिव गोविंद नारायण शुक्ला के अनुसार, विधायक से 7 दिनों में जवाब मांगा गया था, जिसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।

Please follow and like us:
Pin Share