पत्नी पर पति ने किया एसिड अटैक, 30 फीसदी झुलसी महिला दिल्ली रेफर

PU

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना कविनगर क्षेत्र के महेंद्र एन्क्लेव में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक कर हमला कर दिया। इस वीभत्स हमले में महिला का चेहरा, हाथ और शरीर के अन्य हिस्से बुरी तरह से झुलस गए हैं। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।
पुलिस ने आरोपी पति विश्वजीत कर्मकार को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, इसी शक के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पति विश्वजीत कर्मकार के साथ महेंद्र एन्क्लेव, थाना कविनगर क्षेत्र में रहती थी। बताया जा रहा है कि 17 मई को महिला घर छोड़कर चली गई थी, और 24 मई को वापस लौटी। पत्नी की वापसी के बाद पति ने पहले से तैयार रखे तेजाब से उस पर हमला कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और आरोपी को पकड़ लिया। स्थानीय लोगों ने आरोपी की पिटाई करने की भी कोशिश की, लेकिन समय पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
झुलसी महिला को तत्काल गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल लाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। एसीपी कविनगर स्वतंत्र सिंह ने बताया कि पीड़िता करीब 30 प्रतिशत तक झुलस चुकी है। आरोपी विश्वजीत एक ज्वेलरी की दुकान में काम करता है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Please follow and like us: